रेहड़। माधोवाला में एचटी लाइन की चिंगारी से खेत में गेहूं की लहलहाती फसल स्वाह हो गई। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। किसान ने राजस्व विभाग से मुुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान कल्लू सिंह व उनके भाई रत्न सिंह की गांव के नजदीक में ही कासमपुरगढ़ी मार्ग पर कृषि भूमि है। प्रधान ने बताया कि खेत में गेहूं की फसल खड़ी थी। मजदूर गेहूं की कटाई कर रहे थे। बुधवार को अचानक एक बजे एचटी लाइन की चिंगारी कटे हुए गेहूं के ढेर पर में जा गिरी। हवा के तेज झोके के साथ आग तेजी से दूसरे खेतों की ओर भागने लगी। आग की लपटें उठती देख आसपास के किसानों में अफरातफरी मच गई। भारी संख्या में खेतों में काम कर रहे किसान गेहूं के खेत में उठती आग को लपटों को काबू करने में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आरोप है कि सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंचीं। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक छह बीघा गेहूं की फसल स्वाह हो चुकी थी। प्रधान ने राजस्व विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की है। उधर, तहसीलदार भान सिंह का कहना है कि नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।