हल्दौर। उच्च क्षमता की विद्युत लाइन लगवाने के नष्ट हुई फसल का मुआवजा लेने के लिए एक किसान ने मुआवजा फार्म पर ग्राम प्रधान की नकली मोहर लगाकर खुद ही हस्ताक्षर कर दिए। फार्म जेई को जमा कर दिया। मामले का पता चलने पर प्रधान ने आरोपी किसान के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
लाडनपुर के जंगल में कई दिनों से 132 केवी की नई विद्युत लाइन खींचने का काम चल रहा है। विद्युत लाइन खींचने से खेतों में खड़ी गन्ना, सरसों आदि फसल नष्ट हो रही हैं। नष्ट हुई फसल का किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। एक किसान ने मुआवजा लेने के लिए ग्राम प्रधान की नकली मुहर लगाकर व नकली हस्ताक्षर कर मुआवजा फार्म जेई के पास जमा कर दिया। पता चलने पर ग्राम प्रधान राजपाल सिंह प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष देशराज सिंह, ग्राम प्रधान धर्मवीर सिंह, नूर मोहम्मद, अमजद अली, फिरोज अहमद आदि के साथ पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार गौड़ का कहना है कि किसान से पूछताछ की जा रही है।