धामपुर (बिजनौर)। पुलिस तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय की छात्रों से भरी बस पर हुए पथराव व फायरिंग करने के मामले में एक नामजद सहित कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बस चालक ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि शुक्रवार को मुरादाबाद से तीर्थंकर विश्वविद्यालय की बस धामपुर क्षेत्र के छात्रों को लेकर वापस आ रही थी। मुरादाबाद मार्ग पर प्रियंका कालेज के पास असामाजिक तत्वों ने बस पर पथराव कर दिया था। आरोपियों ने बस पर फायरिंग भी की थी। इससे बस में सवार छात्रों में अफरातफरी मच गई था। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगाया था। सूचना पर कोतवाल संजय कुमार पांचाल मौके पर पहुंचे थे और लोगों को समझा कर जाम को खुलवाया था। कोतवाल संजय कुमार पांचाल ने बताया कि बस के चालक टेकचंद की ओर से एक नामजद और दर्जनभर अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट कायम कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी का कहना है कि छात्रों से पूछताछ में आयुष निवासी रानीबाग कॉलोनी का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।