बड़ौत (बागपत)। शादी समारोह से वापस जा रहे विक्रांत गौतम निवासी शास्त्री नगर मेरठ, उनकी पत्नी सावित्री और बेटे देवेंद्र प्रताप गौतम के साथ सीओ कार्यालय से महज 100 मीटर दूर दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने उनकी पत्नी सावित्री गौतम से सोने के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर विक्रांत गौतम की पिटाई कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आए लोगों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दूसरा भाग गया।
मेरठ के शास्त्री नगर निवासी विक्रांत गौतम ने बताया कि अपनी पत्नी सावित्री गौतम, बेटे देवेंद्र प्रताप गौतम के साथ बड़ौत में अपने रिश्तेदार के यहां दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित विवाह मंडप में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शनिवार देर रात समारोह से वापस घर जाते समय नेशनल हाईवे पर सीओ कार्यालय के पास पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट शुरू कर दी। उसकी पत्नी के गले से सोने का हार, अंगूठी, कुंडल समेत अन्य जेवर लूट लिए। शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां आ गए। उन्होंने एक बदमाश को घेरकर पकड़ लिया। विक्रांत गौतम ने दोनों बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस दबाए रही घटना
सीओ कार्यालय के पास हुई लूट की घटना की शिकायत होने के बाद भी पुलिस घटना को रविवार शाम तक दबाकर बैठी रही। एक दिन बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
नेशनल हाईवे पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुली
दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर परिवार के साथ हुई घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। घटनास्थल पर आए संजय, अंकुर आदि का कहना है कि नेशनल हाईवे पर ऐसी घटनाओ पर अंकुश लगाने के चेकिंग बढ़ाई जाए।
वर्जन -
पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है।भागने वाले बदमाश की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-अंशु जैन सीओ बड़ौत।