बिजनौर। आतंकी कनेक्शन को लेकर पुलिस की जांच में घिरे आकिब ने अब सोशल मीडिया पर प्लेटफार्म बदल लिया है। रोजाना इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने वाले आकिब ने यूट्यूब पर चैनल बना लिया है। अब ताजा वीडियो यूट्यूब की अपलोड की गई है। आशंका है कि फॉलोअर्स की ट्रैकिंग से बचने के लिए उसने यह कदम उठाया है।
सऊदी अरब में रहने वाले मेरठ के संदिग्ध आकिब ने पहले इंस्टाग्राम लाइव से युवाओं को जोड़ा, मगर एसटीएस और पुलिस की सख्ती बढ़ने पर करीब पांच सौ फॉलोअर्स ने उससे दूरी बना ली और अनफॉलो करने लगे। अब आकिब ने यूट्यूब पर चैनल बनाते हुए वीडियो अपलोड की है। इसमें उसने खुद को बेगुनाह साबित करने का प्रयास किया। हालांकि यह तो जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। बताया जा रहा है कि बिजनौर पुलिस और एटीएस ने आकिब के इंस्टाग्राम अकाउंट की निगरानी तेज कर दी है। इससे उसके नेटवर्क पर दबाव बढ़ा, जो युवक पहले खुलकर इंस्टाग्राम लाइव में जुड़ते थे, अब उन्होंने किनारा करना शुरू कर दिया है।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस सिर्फ आकिब ही नहीं, बल्कि उसके लाइव में जुड़ने वाले हर यूज़र को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर लाइव सेशन रियल-टाइम होते हैं और पुलिस आसानी से उनमें शामिल लोगों की पहचान कर सकती है।