नगीना। होली की मस्ती में लड़ाई कर रहे एक पिता-पुत्र का बीच-बचाव कराने की कीमत गांव बूढ़ावाला निवासी गजराज (28) को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पिता- पुत्र ने उसके साथ मारपीट की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
होली पर्व के मौके पर तीन मार्च की शाम को ग्राम बूढ़ा वाला में निहाल व उसका पुत्र नेतराम होली की मस्ती में झूमते हुए आपस में भिड़ रहे थे। इसी दौरान गांव का ही गजराज एक दुकान पर कुछ सामान खरीदने जा रहा था। रास्ते में उसने पिता- पुत्र को लड़ते हुए देखा तो वह बीच-बचाव करने रुक गया। गजराज के बीच में पड़ने पर पिता- पुत्र को यह बात नागवार गुजरी।
आरोप है कि दोनों ने अपने अन्य परिजनों के साथ गजराज की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वह गंभीर अवस्था में गजराज को रात्रि में नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया।
बाद में उसे ऋषिकेश ले गए जहां शनिवार की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। गजराज की मौत के बाद परिजन उसके शव को लेकर एंबुलेंस से नगीना सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।