कांधला। कांधला क्षेत्र में लावारिस कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन कुत्तों के हमले में लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
बुधवार को भी लावारिस कुत्तों ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर 10 वर्षीय बच्ची समेत पांच लोगों को घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगाए।
गांव हरिया खेड़ा निवासी दीपक पर एक लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके अलावा कस्बे के रामनगर निवासी इंद्रपाल, गांव किवाना निवासी ओमप्रकाश, कस्बा निवासी 10 वर्षीय बच्ची जिया और गांव गढ़ी मियां निवासी रामकुमार भी कुत्तों के हमले में घायल हो गए। घायलों को परिजन तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।
स्थानीय निवासी सोहनवीर सिंह, मनवीर, बलजीत का कहना है कि क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कई बार बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों पर कुत्ते हमला कर चुके हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत और संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि मोहल्लों और गलियों में झुंड बनाकर घूमने वाले कुत्तों के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में भी डर लगने लगा है।
लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों और नगर पंचायत से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कुत्तों के हमले में घायल सभी लोगों का उपचार कर एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए हैं और उनकी हालत सामान्य है। उन्होंने लोगों से जानवरों से दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।