न्यूजीलैंड से लौटने के बाद अपने परिजनों के साथ कोतवाली देहात की क्रिकेट खिलाड़ी मेघना सिंह।
- फोटो : BIJNOR
घर लौटी क्रिकेटर मेघना का जोरदार स्वागत
कोतवाली देहात (बिजनौर)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मेघना सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के साथ देश लौट आईं। बृहस्पतिवार शाम को वह अपने कोतवाली देहात स्थित आवास पर पहुंचीं, जहां ग्रामवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मेघना सिंह ने कहा कि वह निरंतर मेहनत करके टीम को अपना शत-प्रतिशत देने का प्रयास करती हैं। भारतीय टीम का सेमीफाइनल में न पहुंचने का भारी अफसोस है।
न्यूजीलैंड में चल रहे विश्व कप मुकाबले में भारतीय टीम में शामिल कोतवाली देहात की मेघना बृहस्पतिवार को घर लौट आईं। बृहस्पतिवार शाम लगभग चार बजे मेघना सिंह के घर लौटने पर परिजनों तथा ग्रामवासियों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। मेघना सिंह के गांव पहुंचते ही जमकर आतिशबाजी की गई। इसके बाद बैंड बाजे के साथ वह घर पहुंचीं। मेघना की मां रीना देवी ने मेघना का तिलक कर स्वागत किया। इस दौरान मेघना की बहनें तथा भाई प्रबल प्रताप ने भी मेघना का स्वागत किया। मेघना ने दादा प्रेमपाल सिंह तथा दादी आशा देवी का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मेघना सिंह ने कहा कि भारतीय टीम का सेमीफाइनल में न पहुंचने का भारी अफसोस है। उन्होंने मेहनत करके टीम को शत प्रतिशत योगदान देने की बात कही। मेघना सिंह की मां रीना देवी ने बताया कि उन्होंने मेघना के लिए उनकी पसंद के व्यंजन बनाए हैं। इस दौरान मेघना के दादा प्रेमपाल सिंह, दादी आशा देवी, मां रीना देवी, पिता विजय वीर सिंह, भाई प्रबल प्रताप, बहनें तथा मेघना की बुआ भी मौजूद रहीं।