बिजनौर के नहटौर में शादी की जिद पूरी नहीं होने पर प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। सेहत बिगड़ने पर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवती की मौत हो गई।
परिजनों ने आनन-फानन में युवती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर गांव में पहुंचकर पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ही बिरादरी के युवक और युवती के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
दोनों के परिजनों को इसकी भनक लग गई। इस पर परिजनों ने दोनों के मिलने पर आपत्ति जताई। परिवार के विरोध के बावजूद प्रेमी युगल शादी की जिद पर अड़ा हुआ था। कई दिनों से शादी के लिए दोनों के परिजनों में खींचतान चल रही थी।
लोकलाज के कारण दोनों पक्ष इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। रविवार की सुबह प्रेमी युगल घर के पास ही स्थित एक आम के बाग में चले गए। प्रेमिका ने वहां जहर खा लिया। इसी दौरान उनके परिजन मौके पर पहुंच गए। प्रेमी युगल को घर ले आए।
युवती के जहर खाने का पता घर लाने पर उनके परिवार के सदस्यों को लगा। युवती की हालत बिगड़ते ही युवक ने जहर खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें सीएचसी लेकर आए।
चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। परिजनों ने आनन फानन में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष अता मोहम्मद ने कहा कि घटना के संबंध में छानबीन की जा रही है।