बिजनौर जनपद में नजीबाबाद पुलिस ने एक रात की दुल्हन दिलाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी दंपती के साथ एक रात की दुल्हन को गिरफ्तार कर हजारों रुपये की नकदी और आभूषण बरामद किए हैं।
राजस्थान के तांबाखेरी रामसरायताल निवासी मनोज कुमार ने नजीबाबाद के एक दंपती पर धोखाधड़ी से दो लाख रुपये लेकर शादी कराने और दुल्हन द्वारा सुहागरात के दिन परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी आदि लेकर भागने की तहरीर पुलिस को सौंपी। तहरीर में आदर्शनगर निवासी राजेंद्र व उसकी पत्नी पूनम पर झांसा देकर दो लाख रुपये लेकर शादी कराने का आरोप लगाया था।
मनोज का कहना था कि दंपती ने बिजनौर के एक होटल में 13 अगस्त को ज्योति नामक युवती से उसका विवाह संपन्न कराया। दुल्हन ज्योति को दूल्हा पक्ष की ओर से उपहार स्वरूप नकदी व आभूषण दिए गए। 14 अगस्त की रात ज्योति राजस्थान से परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपये के आभूषण, हजारों रुपये की नकदी लेकर भाग आई।
यह भी पढ़ें: खौफनाक: मोहब्बत में उजड़ गई प्रेमी युगल की दुनिया, करना चाहते थे शादी पर मौत को लगाया गले, तस्वीरें
सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी राधेश्याम के निर्देशन में गंग नहर चौकी प्रभारी एसके नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक रात की दुल्हन ज्योति सहित धोखाधड़ी से शादी कराने वाले दंपती आदर्शनगर निवासी राजेंद्र व उसकी पत्नी पूनम को गिरफ्तार कर लिया। जांच पड़ताल में एक रात की दुल्हन ज्योति के विवाहित होने और उसका वास्तविक नाम पूजा पत्नी मंगल शर्मा निवासी दुगड्ढा होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दुल्हन सहित तीनों आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण व 36 हजार रुपये की नकदी बरामद कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।