नजीबाबाद और किरतपुर के मतगणना स्थल बदले
नजीबाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नजीबाबाद और किरतपुर के मतगणना स्थलों में परिवर्तन किया गया है। कृषि उत्पादन मंडी समिति में अब मतगणना सुरक्षा कारणों से नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय के निर्देशन में समीक्षा उपरांत प्रशासन ने नजीबाबाद और किरतपुर की कृषि उत्पादन मंडी समिति में होने वाली मतगणना अब इंटर कॉलेजों में कराने का फैसला लिया है। नजीबाबाद ब्लॉक की मतगणना अब कासमियां इंटर कॉलेज नजीबाबाद और किरतपुर ब्लॉक की मतगणना हिंदू इंटर कॉलेज किरतपुर में की जाएगी।
एसडीएम परमानंद झा, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने पीडी एवं प्रभारी बीडीओ नजीबाबाद वीपी श्रीवास्तव के साथ कासमियां इंटर कॉलेज नए मतगणना स्थल का शनिवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य नफीसुल हसन और पूर्व प्रधानाचार्य महताब अहमद से मतगणना व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। प्रशासनिक अधिकारियों ने मतगणना के दौरान बेरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की। एसडीएम और सीओ ने किरतपुर के बीडीओ धर्म प्रकाश के साथ हिंदू इंटर कॉलेज किरतपुर मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया।
सुरक्षा कारणों से बदले गए मतगणना स्थल
अप्रैल और मई में तेज हवाएं चलने, आंधी आदि की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कृषि उत्पादन मंडी समिति और किरतपुर के टीन शेड में मतगणना न कराने का फैसला लिया। नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत चुनाव की पूर्व में भी नजीबाबाद के कासमियां इंटर कॉलेज को मतगणना स्थल बनाया जाता रहा है।