नजीबाबाद। हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन ग्रुप की ओर से कोरोना योद्घा सम्मान समारोह में पुलिस सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वालों को सम्मानित किया गया। आजाद पब्लिक स्कूल सभागार में फाउंडेशन के प्रभारी फैसल तय्यब के निर्देशन में आयोजित समारोह में कोरोना संक्रमण काल में जान जोखिम में डालकर प्रशासनिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वाह करने वाले कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यअतिथि थाना प्रभारी दिनेश गौड़ और जाब्तागंज चौकी प्रभारी एके मिश्रा ने पुलिस विभाग की ओर से जनहित में प्रशासनिक दायित्वों के निर्वाह का आश्वासन देते हुए शासन की गाइड लाइन के अनुरूप जीवन को ढालने की सलाह दी। फाउंडेशन की ओर से पुलिसकर्मी संदीप को रक्तदान देकर एक बालिका की जान बचाने के लिए सम्मानित किया गया। मीडियाकर्मी अल्ताफ रजा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन की ओर से थाना प्रभारी दिनेश गौड़, जाब्तागंज चौकी प्रभारी एके मिश्रा, पीएचसी प्रभारी डा.अजीत सिंह, डा.दिशा सिंह, डा.दिलशाद, सेवानिवृत नायब तहसीलदार शमीम अहमद, शम्सुल इस्लाम सहित नगर के मीडियाकर्मियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के फैसल तय्यब, इम्मी इमरान, शजर तय्यब, मो.आरिफ, शादाब हैदर, मो.आमिर, आदिल यूसुफ, बिलाल कुरैशी, अहाद की ओर से कोरोना संक्रमितों और जरूरतमंदों को जान जोखिम में डालकर निशुल्क ऑक्सीजन सिलिंडर वितरित करने और सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।