कोरोना योद्धा को दिल्ली में मिला सम्मान
बिजनौर। दिल्ली विधानसभा में कोरोना योद्धाओं के लिए आयोजित सम्मान समारोह में स्वर्गीय डॉ. चरण सिंह की पत्नी अनीता सिंह को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, उपाध्यक्ष राखी बिरला, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सम्मानित किया।
दिल्ली विधानसभा में 12 मार्च को यह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें किरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर निवासी डॉ. चरण सिंह की पत्नी अनीता सिंह को सम्मानित किया गया। उनके बेटे योगेश निर्वाल ने बताया कि उनके पिता चौधरी चरण सिंह निर्वाल का जन्म 15 जून 1960 को गांव हैबतपुर में हुआ था। उन्होंने 29 दिसंबर 1979 को नेवी में ज्वाइन किया था और 31 मई 1995 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। वे नेवी की मेडिकल सर्विसेज में थे और श्रीलंका में एलटीटीई क्राइसिस में इंडियन नेवी की तरफ से भारतीय सैनिकों का उन्होंने रेस्क्यू किया। 1995 में दिल्ली आकर इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल में सेवाएं दीं। 16 दिसंबर 1999 में उन्होंने दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल डिपार्टमेंट ऑफ एनीस्थिया एंड इंटेंसिव केयर में ज्वाइन किया। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने मरीजों की सेवा करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी के चलते 13 मई 2020 को वे कोरोना पॉजिटिव हो गए। 30 मई 2020 को उनकी मौत हो गई। इससे पूर्व 22 जुलाई 2020 को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी स्वर्गीय चरण सिंह के परिवार को सम्मानित किया था।