ठेका सफाई कर्मियों मिलेगा 26 दिन का वेतन
धामपुर। नगर विकास और ठेके के सफाई कर्मियों के वेतन के मामले में आ रही समस्याओं का निदान कराने के लिए मंगलवार को पालिका के अधिकारियों और सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि यदि नियमों से हटकर ठेका सफाई कर्मियों को 30 दिन का वेतन दिया गया तो वसूली की जाएगी।
पालिका में सबसे ज्यादा दिक्कत सफाई विभाग में कार्यरत सफाई कर्मियों को हो रही है। पालिका बोर्ड चाहता है कि ठेके पर रखे कर्मियों से पूरे एक माह का कार्य लेकर उन्हें एक माह का वेतन दिया जाए। लेकिन ठेके के कर्मियों को माह में तीस दिन के स्थान पर केवल 26 दिन का ही वेतन दिया जा रहा है। माह में चार दिन का नियमानुसार उनका अवकाश है। सफाई कर्मी चाहते हैं कि पालिका उनसे माह में पूरे तीस दिन काम ले, लेकिन वेतन भी 30 दिन का ही मिलना चाहिए। वेतन को लेकर सफाई कर्मी आए दिन पालिका में अधिकारियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते रहते हैं।
सोमवार को भी सफाई कर्मियों की पालिका के सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिंह से पूरे माह का वेतन दिलाने की मांग को लेकर नोकझोंक हुई थी। यह मामला पालिका बोर्ड और पालिका के अधिकारियों के बीच नियमों को लेकर फंसा है। अधिकारियों का कहना है कि पालिका बोर्ड प्रस्ताव पास करने के बाद भी सरकारी नियमों को किनारे नहीं कर सकता। यदि ऐसा करने का प्रयास किया तो उनसे सरकार उल्लंघन करने के आरोप में रिकवरी कर सकती है। पालिका के कई सदस्यों ने तर्क दिया कि बिजनौर की कई पालिकाओं में बोर्ड द्वारा ठेके के कर्मियों को पूरे माह का वेतन दिया जा रहा है। जिस पर अधिकारियों ने साफ कहा कि वह नियम विरुद्ध है। बैठक में पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता, जितेंद्र गोयल, सोनू वाल्मीकि, हैदर अली, इमरान, रिहान शेख, फरीद डॉन, पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।