संवाद न्यूज एजेंसी
बेगावाला-बिजनौर। दो साल से अधर में लटके बिजनौर से रावली मार्ग पर ग्राम रहीमपुर में सीसी रोड बनने का काम शुरू हो गया। इससे दर्जन भर के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। दरअसल, आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
बिजनौर से रावली का यह मार्ग काफी लंबे समय से बदहाली के आंसू रो रहा था। इस पर 2019 में अमर उजाला अखबार ने स्वत: संज्ञान लिया और दिन प्रतिदिन खबर छापी गई। अधिकारियों के भी संज्ञान में लाया गया। इसका परिणाम यह हुआ कि 2022 में सड़क को बनाने के लिए 19 करोड़ का बजट जारी हुआ परंतु कई अड़चनें आई।
कभी वन विभाग तो कभी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी की अनुमति लेनी पड़ी। लोक निर्माण विभाग एनओसी न मिलने के कारण सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। परंतु अब सारी अड़चनें दूर हो गई हैं और काम भी शुरू हो गया है। यह सड़क दर्जन भर गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ती है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोग शहर आते हैं।