हीमपुर दीपा। विकास खंड जलीलपुर की ग्राम पंचायत सैदपुर उर्फ नाईपुरा में जल निगम के अधिकारियों की लापरवाही से ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य अधर में है। वर्ष 2022 में जल निगम की देखरेख में कार्यदायी संस्था वीटीएल गजरौला द्वारा ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसके पूर्ण होने की अवधि दो अगस्त 2024 थी लेकिन तिथि बीत जाने के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ।
नलकूप का संचालन करने के लिए रखा जनरेटर तथा सौर ऊर्जा सिस्टम देखरेख के अभाव में धूल फांक रहा है। पश्चिम दिशा की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई है तथा मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ है। ओवरहेड टैंक के परिसर में गंदगी का बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की गुहार की है।
गांव निवासी अमीर अहमद का कहना है कि ग्रामीणों को ओवरहेड टैंक के निर्माण के दौरान लगा था कि अब उन्हें भी सरकारी योजना का फायदा हो सकेगा लेकिन बार-बार मांग के बावजूद अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं रहे हैं। जिला प्रशासन को अति शीघ्र ही ध्यान देना चाहिए।
गांव निवासी इरफान अली ने बताया कि लगभग चार साल बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध नहीं हो सका। इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीण वीरेंद्र सिंह बताते हैं कि हकीकत में सरकार की योजनाओं को अधिकारी और कर्मचारी पलीता लगा रहे हैं। लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य नहीं हो पाया। ग्रामीण जल निगम की कार्यशैली से नाराज हैं। उन्होंने डीएम से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।
गांव के मोहम्मद फहीम ने बताया कि ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य अधर में होने से जिम्मेदार और जवाबदेह तो जल निगम है। जब ओवरहेड टैंक से पेयजल की आपूर्ति के लिए भूमिगत पाइप लाइन काफी समय पूर्व डाल दी गई है तो फिर शेष कार्य भी पूर्ण होना चाहिए ताकि ग्रामीण पेयजल की योजना का लाभ ले सकें।
विभागीय जेई प्रदीप कुमार ने बताया कि शासन की ओर से बजट की उपलब्धता नहीं हो पाई थी, जिस कारण विलंब हुआ है। बजट मिलते ही ओवरहेड टैंक का शेष निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा।