बिजनौर। मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे का बिजनौर बाईपास 15 अक्तूबर तक चालू कर दिया जाएगा। फिलहाल 92 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। सर्विस रोड पूरी तरह से बनकर तैयार है। अब दो पुलों की अप्रोच रोड पर काम चल रहा है। बाईपास चालू होने के बाद बिजनौर शहर को भी जाम से निजात मिल जाएगी। बिजनौर बैराज मार्ग और बिजनौर नजीबाबाद मार्ग को आपस में जोड़ने के लिए आठ किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया गया है। इस बाईपास का निर्माण मेरठ-कोटद्वार हाईवे को फोरलेन में तब्दील करने वाले प्रोजेक्ट में शामिल था।
यह बाईपास माउंट लिट्रा स्कूल से शुरु होकर नजीबाबाद मार्ग पर गांव पेदा के पास निकल रहा है। बाईपास मार्ग के निर्माण का काम 92 फीसदी हो चुका है। अब एक नहर के पुल की अप्रोच रोड पर काम चल रहा है। वहीं पेदा गांव के पास अंडर पास की अप्रोच रोड पर तारकोल की परत डाला जाना बाकी रह गया है।
बिजनौर शहर को जाम से मिलेगी निजात
बाईपास का निर्माण पूरा होने के साथ ही बिजनौर शहर को जाम से निजात मिल जाएगी क्योंकि दिल्ली और मेरठ से पौड़ी जाने वाला ट्रैफिक शहर में घुसने के बजाए सीधे बाईपास से निकल जाया करेगा। साथ ही सफर की राह भी आसान होगी। इसके साथ ही मेरठ से नगीना या कोतवाली की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी इस बाईपास से गुजरेगा।
वर्जन:::
बाईपास निर्माण का काम 92 फीसदी पूरा हो चुका है। 15 अक्तूबर तक बाईपास को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। ....आशीष शर्मा, एसडीओ एनएचएआई