नलकूपों के कनेक्शन काटे, 15 गांवों में पेयजल संकट
नांगलसोती/नजीबाबाद। जल निगम के नांगलसोती और हरचंदपुर नलकूपों के बिजली कनेक्शन का लाखों बकाया होने पर विद्युत निगम ने दोनों नलकूपों के विद्युत कनेक्शन काट दिए। इससे एक दर्जन से अधिक गांव के सैकड़ों परिवारों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है।
नांगलसोती और हरचंदपुर में जल निगम के नलकूपों से नांगलसोती, शहजादपुर, जीतपुर, खानपुर, हरचंदपुर, मायापुरी, चमरौला सहित 15 गांव के 13 सौ से अधिक परिवारों को पेयजल आपूर्ति दी जाती है। विद्युत निगम द्वारा नांगलसोती के नलकूप को 40 हॉर्स पावर और हरचंदपुर को 25 हॉर्स पावर के विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। नांगलसोती स्थित दोनों नलकूपों के बिजली किराए के रूप में विद्युत निगम के 11-11 लाख रुपए विद्युत बिल और हरचंदपुर नलकूप का नौ लाख रुपए बिजली बिल बकाया है। विद्युत निगम ने लंबे समय से आश्वासन के बावजूद लाखों रुपए की धनराशि जमा न कराने पर नांगलसोती और हरचंदपुर नलकूपों के विद्युत कनेक्शन मंगलवार को काट दिए। इससे इन गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है।
एसडीओ पीयूष दीक्षित ने बताया कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से नलकूपों के बिल जारी किए गए हैं लेकिन बकाया जमा नहीं किया गया। उधर नांगलसोती की ग्राम प्रधान मीनाक्षी गोयल और हरचंदपुर की ग्राम प्रधान मुनेश देवी का कहना है कि जल निगम द्वारा नलकूपों के बिल जमा करने के लिए उन्हें कोई बजट जारी नहीं किया जाता।
जल निगम के सहायक अभियंता एमएम गुप्ता का कहना है कि उपभोक्ता से वसूली करने के बाद ही विद्युत निगम को बिजली बिल जमा कराया जाता है। उपभोक्ताओं द्वारा बकाया जमा न करने पर वर्तमान स्थिति उत्पन्न हुई है। विद्युत निगम अधिकारियों ने पार्ट पेमेंट जमा होने पर विद्युत कनेक्शन सुचारु होने की बात कही।