नगीना में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने चुनाव में जनता से पार्टी को जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज और मुस्लिमों की सबसे हितैषी पार्टी बसपा है। उन्होंने सपा और भाजपा पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है।
बुधवार को एक मैरिज हॉल में आयोजित नगीना विधानसभास्तरीय सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि नोटबंदी के50 दिन बीत जाने के बाद भी देश की आम जनता के साथ साथ व्यापारी, किसान, मजदूर परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे दिन आने के लिए केंद्र सरकार ने प्रचार में 25 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए, जबकि नोटबंदी कर आम जनता को कतार में खड़ा कर दिया। क्या जनता के यही अच्छे दिन आने वाले थे। सिंचाई व बीज के लिए किसान परेशान है, मजदूर, व्यापारी व कारोबारी बैंकों की लाइनों में लगे हैं। विदेशों से काला धन लाकर गरीबों के खातों में भेजने का वादा किया था, जिनके पास काला धन था वे तीन लोग विदेश चले गए।
उन्होंने कहा कि बसपा काले धन के खिलाफ है और प्रदेश की जनता से एक स्वच्छ राजनीति की अपील करती है। इसका फैसला जनता पर निर्भर है। इससे पूर्व, सम्मेलन को विधानसभा प्रत्याशी वीपी सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, पूर्व मंत्री लेखराज सिंह जाटव, ग्रीसचंद, अतर सिंह राव, लोकमन, परवेज पासी, सुबोध पारासर, विजय पाल सिंह, मनोज कुमार, यामीन उस्मानी ने संबोधित किया।