बिजनौर में कांग्रेस कार्यालय पर प्रदेश सरकार के लिए बुद्घि शुद्घि यज्ञ करते पदाधिकारी व कार्यकर
- फोटो : BIJNOR
कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
बिजनौर। कांग्रेस पदाधिकारियों ने बांदा में गायों के साथ हुई निंदनीय घटना के विरोध मेें राज्यपाल के नाम डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में आंदोलन किया गया। जिसके चलते जिला कांग्रेस कमेटी बिजनौर ने सद्बुद्धि यज्ञ कराने के बाद राज्यपाल के नाम डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जिला उपाध्यक्ष मुनीश त्यागी ने बताया कि भाजपा सरकार में गोमाता सुरक्षित नहीं हैं। बांदा जनपद के नगर पंचायत नरैनी की गोशाला से वहां के कुछ अधिकारियों की देखरेख में करीब आठ ट्रकों में गायों को भरकर मध्यप्रदेश की घाटी पहाड़ी खेड़ा में छोड़ा गया था। जिसके बाद देखने को मिला कि वहां पर गायों को जिंदा ही मिट्टी और पत्थरों के ढेर में दफन कर दिया गया।
इसके साथ ही मुनीश त्यागी ने कहा कि बांदा प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए। पूरे प्रदेश में चल रही गोशालाओं की जांच कराई जाए और कठोर प्रतिबंध लगाए जाएं। जनपद की गोशालाओं में कैमरे लगाने की मांग की, जिसकी स्क्रीन जिलाधिकारियों के कार्यालय में हो।