बिजनौर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक नसीब सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी। कार्यकर्ता किसी भी भ्रम में न रहकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। 24 दिसंबर को प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद व प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर जिला मुख्यालय पर आकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में नसीब सिंह ने कहा कि कांग्रेस अकेले दम पर यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी किसी भी बाहरी दावेदार को टिकट नहीं देगी। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बिना व्यवस्था के नोटबंदी किए जाने से देश में कारोबार चौपट हो गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश शर्मा व जिला प्रभारी राजेंद्र अवाना ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह व संचालन जिला महासचिव नजाकत अलवी ने किया। बैठक में सुधीर पाराशर, मीनू गोयल, हाजी अफजल कुरैशी, मनोज भारद्वाज, हुमायूं बेग, मुंशी महमूदुल अंसारी, डॉ. आफताब अंसारी, नीरज चौधरी, अवनीश ठाकुर आदि मौजूद रहे।