बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने बीएसए को निर्देश दिया कि जिन स्कूलों में यूनिफॉर्म वितरण शुरू नहीं हुआ है, वहां जल्दी कार्य पूरा कराया जाएगा। विकास कार्यों में कोई शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और मानक के साथ अनदेखी नहीं की जाएगी। कोई भी अधिकारी विभागीय लक्ष्य के सापेक्ष लापरवाही न करें और सभी कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। पात्रों को मिलने वाली राशि उनके खातों में भेजी जाए। डीएम ने एक्सिस व बंधन बैंक के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए वार्षिक ऋण योजना की प्रथम तिमाही का विवरण जल्द देने के निर्देश दिए। लंबित क्रेडिट लिंकेज की पेंडेंसी को शून्य करने और बैंकों में महिला समूहों के खाते खोलने के निर्देश दिए। बैंकर्स को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारित कराया जाए।
डीएम ने राजस्व वसूली कार्य में प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए परिवहन, आबकारी, नगर निकाय, बाट माप, विद्युत, मंडी समिति के अधिकारियों को वसूली में मानक के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीडीओ केपी सिंह, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र, सीएमओ विजय यादव, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश श्रीवास्तव, जोगेंद्र ग्रोवर आदि मौजूद रहे।