विपरीत परिस्थितियों का निडर होकर करें मुकाबला
नगीना। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने राजकीय बालिका हाईस्कूल विद्यालय की छात्राओं को थाने में पुलिस के कार्यों के बारे में विस्तार से समझाया।
बुधवार की दोपहर थाना प्रांगण में पहुंचे राजकीय बालिका हाई स्कूल विद्यालय ग्राम बुढावाला की छात्राओं ने बड़ी बारीकी से थाने का भ्रमण किया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने स्कूली छात्राओं को पूरा थाना परिसर घुमाया तथा पुलिस के दैनिक कार्यों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने छात्राओं से दिन प्रतिदिन बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्राओं से कहा की वह शपथ लें की वह बिना हेलमेट बाइक, स्कूटर तथा बिना बेल्ट बांधे कार नहीं चलाएंगे। उन्होंने कहा की जीवन बहुत अमूल्य है, इसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया की वह मनचलों, बदमाशों का निडरता से मुकाबला करें तथा जब भी जरूरत समझें पुलिस को फोन कर सहायता लें। उन्होंने छात्राओं को यातायात नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई।