भाकियू के धरने को संबोधित करते जिलाध्यक्ष दिगम्बर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली देहात में भाकियू ने किसान की ट्रैक्टर ट्राली पुलिस द्वारा सीज किए जाने को लेकर थाना परिसर में हंगामा किया। किसान हल्का लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला सुलझाया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
गांव शेरनगर नरैनी के किसान जसवंत सिंह पशुओं के नीचे डालने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से जंगल से मिट्टी ला रहा था। हल्का लेखपाल की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली पकड़कर सीज कर दिया था। भाकियू के जिला अध्यक्ष दिगंबर सिंह के साथ किसान थाने पहुंचे तथा ट्राली छोड़ने की मांग की। आरोप है कि इसको लेकर जिला अध्यक्ष की थाना प्रभारी निरीक्षक से नोक झोक हुई। प्रभारी निरीक्षक पर किसानों के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया। इसके विरोध में किसानों ने थाने में घुसकर हंगामा शुरू कर दिया।
मिट्टी से भरी कई ट्रैक्टर ट्राली थाने में लाकर खड़ी कर दी।
प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय पर बैनर लगाकर धरने पर बैठ गए। एसडीएम व सीओ नगीना मौके पर पहुंचे, परंतु किसानों ने जिले के आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल तथा एसपी देहात दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। किसानों से बात की। हल्का लेखपाल को बुला लिया गया। किसानों ने लेखपाल को धूप में अपने बीच बैठा लिया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद किसान को छोड़ दिया गया। इसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
चौ. समरपाल सिंह व नितिन सिरोही के संचालन में आयोजित धरना प्रदर्शन को जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह, कुलदीप सिंह, चौधरी बलराम सिंह, मोहम्मद शकूर, विजय पाल सिहं, डा. धर्मवीर सिंह, सुरपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह, चेतन सिहं, मुनेश कुमार, जितेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।