बिजनौर में जिला परिषद वेतनभोगी अध्यापक सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक साधारण सभा में कई प्रस्ताव पारित किए गए। समिति ने सदस्यों के हिस्से पर दस प्रतिशत की दर से लाभांश घोषित किया।
समिति की वार्षिक सभा रविवार को टाउन हाल के सभागार में उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय संयुक्त मंत्री विश्वपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई। सभा में समिति के सचिव गौरव चौहान ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि समिति ने वित्तीय वर्ष 2016-17 में अपने सदस्यों को आठ करोड़ 33 लाख रुपये के ऋण वितरित किए हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों को दस प्रतिशत वार्षिक की दर से हिस्सेदारी पर लाभांश देने की घोषणा की। सभापति भूपेंद्र सिंह ने कहा कि समिति ने सदस्यों को दिए जाने वाले ऋण पर .75 प्रतिशत ब्याज भी कम किया है। इसके अलावा, ऋण सीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। मुख्य अतिथि शाखा प्रबंधक महीपाल सिंह ने सदस्यों को बैंक द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी सुनील यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष नागेश कुमार, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधीर यादव, राजेंद्र कुमार, डायरेक्टर हरवंत सिंह, संदीप विश्नोई, अलका चौहान, अरविंद चौधरी आदि ने विचार रखे।