बिजनौर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर कई विभागों की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है। लोक निर्माण विभाग एवं सेतु निगम ने विलंब से कार्य शुरू किए। डीएम जसजीत कौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विलंब से शुरू किए गए कार्यों की गुणवत्ता एवं कारणों की जांच को एसडीएम धामपुर की अध्यक्षता में समिति गठित करने का आदेश दिया।
बैठक में डीएम ने एनआरएलएम और उद्योग विभाग के अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर प्राप्त डी रैंक पर असंतोष जताया। उन्हें विभागीय रैंक में सुधार लाने के लिए के निर्देश दिए। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को लोनिवि एवं सेतु निर्माण निगम के विलंबित कार्यों की जांच के लिए एसडीएम धामपुर के नेतृत्व में तकनीकी अधिकारियों की टीम गठित करने को कहा। आगे कहा कि सेतु निर्माण के स्वीकृत कार्य की मंजूरी का आदेश पत्र प्राप्त कर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया जाए। वहीं, ओडीओपी सहित अन्य बिंदुओं पर रैंक सुधार के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों से संपर्क साधने का निर्देश दिया। इसके अलावा ई-ऑफिस प्रणाली और विभागीय प्रगति की समीक्षा भी की गई। बैठक में परिवहन, जीएसटी, ऊर्जा, उद्यान, कृषि, ग्राम्य विकास, चिकित्सा, पंचायती राज, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। किसी भी स्थिति में रैंक को गिरने न देने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ रण विजय सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दिनकर भारती, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता आदि मौजूद रहे।