नगीना में दीवार गिरने से हुई किशोर की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में आंधी और बारिश लोगों पर आफत बनकर टूटी। नगीना के मोहल्ला काजी सराय आैर किरतपुर के मोहल्ला मिर्धगान में दीवारों के नीचे दबकर दो किशोरों की मौत हो गई। नगीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के बीच खड़ा पुराना वृक्ष तेज आंधी से पावर लूप लाइन पर गिर गया। आंधी के असर से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ वर्षा शुरू हो गई। कृषि अनुसंधान मौसम वैधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के अनुसार आंधी की गति 65-70 प्रति किलोमीटर रही। ऐसे मौसम के बीच ही मुहल्ला काजी सराय के निकट चंदन वाला तालाब के पास खेल रहे मुहम्मद अब्बास के 12 वर्षीय पुत्र मुहम्मद सादिक के ऊपर एक नवनिर्मित मकान की दीवार गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह, थाना प्रभारी नाथूराम पवार, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान मौके पर पहुंचे।
उधर, स्योहारा के मोहल्ला मिर्धगान निवासी असलम का 18 वर्षीय पुत्र फरमान मोहल्ला किला स्थित फर्नीचर बनाने की एक फर्म में काम करता था। आंधी से कारखाने की एक दीवार भरभराकर गिर गई। फरमान दीवार के मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।