कलक्ट्रेट में निरीक्षण के दौरान पूछताछ करते कमिश्नर एल वेंकटेश्वर लू।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में मंडलायुक्त मुरादाबाद वेंकटेश्वर लू शनिवार को यहां कलक्ट्रेट का कामकाज देखने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समय-समय पर निरीक्षण को जरूरी बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सिर्फ त्रुटियां व खामियां निकालना नहीं होता। इससे चुस्त एवं सजग प्रशासनिक प्रक्रिया को बल मिलता है। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को कामकाज में सुधार के लिए कई निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट के निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि साफ-सफाई व व्यवस्था ठीक पाने के लिए प्रशासन सराहना का पात्र है। मंडलायुक्त ने नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को शिकायतों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। ऐसा न होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। साहूकार पटल पर 14 प्रतिशत तक ब्याज की वसूली करने की बात कही गई, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मानक से अधिक ब्याज लेने पर सख्त कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साहूकार पटल पर दो मामले लंबित पाए गए। इसमें एडीएम को कार्रवाई करने को कहा गया। एसएलओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अधिग्रहण की गई भूमि के 250 करोड़ रुपये के सापेक्ष 77 करोड़ का ही भुगतान किया गया है, जो बहुत कम है। उन्होंने इसमें तेजी लाने के निर्देश डीएम को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी जगतराज ने आयुक्त को विश्वास दिलाया कि उनके निर्देश का अक्षरत: पालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखते हुए मतगणना कार्य भी आयोग के निर्देशों के मुताबिक, पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता से होगा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, सुरेंद्र राम, प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल के संबंधित अधिकारी मौजूद थे।