किसानों, कारीगरों और युवाओं के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने नगीना की विश्वप्रसिद्ध काष्ठकला की सराहना करते हुए कहा कि इसकी पहचान देश ही नहीं, पूरी दुनिया में है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति देंगी। विशेष रूप से बेटियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों की मांग पर राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान, नई गन्ना प्रजातियों के प्रोत्साहन और समयबद्ध गन्ना भुगतान के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि किसान आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकें।
विकास यात्रा में जनता की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले की तुलना में आज बिजनौर में व्यापक परिवर्तन दिखाई देता है। किसान, व्यापारी, अधिवक्ता और आम नागरिक विकास यात्रा के सहभागी बने हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले को विकास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है।