नागरिकों को वाटर कूलर एटीएम से मिलेगा पानी
धामपुर। अब धामपुर में वाटर कूलर एटीएम से नागरिकों को पीने का पानी मिलेगा। पालिका प्रशासन की ओर से पेयजल किल्लत से निपटने की योजना बना ली गई है। वाटर कूलर एटीएम से पानी पीने के लिए एक रुपया डालना होगा। एक बार सिक्का डालने पर एक लीटर पानी मिलेगा।
पालिका के अधिशासी अभियंता सुुभाष कुमार ने बताया कि पानी की किल्लत को दूर करने के लिए पांच वाटर कूलर एटीएम खरीदे गए हैं। इन वाटर कूलरों को नगर में ऐसे स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा, जहां पर लोगों का ज्यादा आवागमन बना रहता है। इन वाटर कूलर एटीएम के उपयोग से पानी का दुरुपयोग नहीं होगा। नगरपालिका की आय भी बढ़ेगी। बताया कि पहले दूर संचार विभाग की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सुविधा प्रदान कराने के लिए फोन लगाए गए थे। जिस प्रकार से इन फोन से बात करने को इनमें एक रुपया डाला जाता था, उसी प्रकार से वाटर कूलर एटीएम से नागरिकों को गर्मी में ठंडा और सर्दियों में गुनगुना पानी पीने को मिलेगा। बोर्ड की ओर से नगर में 25 वार्डों में एक वाटर कूलर लगाया गया था। जो अब खराब हैं। अधिकांश की मशीनें गायब हो चुकी हैं।