बिजनौर में लंबे अर्से से शिक्षकों की प्रमोशन की मांग पूरी होने को है। दशहरा के पर्व पर शिक्षकों की प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 114 शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ मिलेगा। कई शिक्षक विहीन स्कूलों में बच्चों को गुरु जी के दर्शन होंगे।
पिछले कई महीनों से प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक प्रमोशन देने की मांग कर रहे थे। बीएसए ने कई बार प्रमोशन के लिए वरिष्ठता सूची प्रकाशित की थी। दशहरा अवकाश से पूर्व प्रमोशन सूची में आ रहे शिक्षकों की काउंसिलिंग कराई गई। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने ऐसे विद्यालयों की सूची प्रकाशित की जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं है। अध्यापिकाओं को स्कूल आवंटित करने के लिए काउंसिलिंग भी कराई गई। इसके बाद शिक्षक विहीन स्कूलों में शिक्षकों को प्रमोशन देने के लिए शिक्षकों की काउंसिलिंग की गई।
बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक वरिष्ठता सूची में आ रहे 114 शिक्षकों को प्रमोशन दिया जाना था। जिनकी काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुछ शिक्षकों को प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और कुछ शिक्षकों को जूनियर हाई स्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि एक दो दिन के भीतर प्रमोशन की सूची जारी कर दी जाएगी। वहीं प्रमोशन के लिए की गई काउंसिलिंग से शिक्षक खुश है। शिक्षक अवनीश कुमार, पंकज कुमार, राजेश सिंह का कहना है कि त्योहार के मौके पर प्रमोशन मिलने से खुशी दोगुनी हो जाएगी।