स्मार्ट बनेंगे परिषदीय विद्यालयों के बच्चे
नहटौर। विकास खंड आकू की न्याय पंचायत महुआ के 18 विद्यालयों में अब जनसहयोग से स्मार्ट क्लास चलेंगी। प्राथमिक विद्यालय इब्राहिमपुर साधो में जिलाधिकारी डॉ रमाकांत पांडेय ने न्याय पंचायत महुआ को स्मार्ट घोषित किया है।
मिशन प्रेरणा के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसमें विद्यालय की आधारभूत संसाधनों को समृद्ध करना तथा शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के तकनीकी ऐप द्वारा मॉनिटरिंग करना शामिल है। इसी के तहत नहटौर के महुआ न्याय पंचायत के सभी 18 स्कूलों स्मार्ट क्लास चलेंगी। न्याय पंचायत के पांच उच्च प्राथमिक व 12 प्राथमिक विद्यालय और एक कंपोजिट विद्यालय के इंचार्ज अध्यापकों तथा स्टाफ ने सामुदायिक सहयोग व्यक्तिगत सहयोग तथा कंपोजिट ग्रांट का साथ लेकर स्मार्ट टीवी लगा लिया है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा की उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी प्राथमिक विद्यालय में हुई है। तब के विद्यालय आज के विद्यालय से बहुत भिन्न होते थे। आज विभिन्न प्रकार की सुविधाएं विद्यालयों में सरकार व समुदाय द्वारा दी जा रही हैं। जिलाधिकारी ने भी विद्यालय के पुस्तकालय के लिए अपनी ओर से पांच हजार की पुस्तकें देने की घोषणा की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महेश चंद्र, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने कहा कि शिक्षकों द्वारा चार वर्ष में छात्र संख्या 35 से बढ़ाकर 160 करना बड़ी उपलब्धि है। इस विद्यालय को रिकॉर्ड को जल्दी लखनऊ भेजा जाएगा।
अलहदादपुर मुबारक में जयश्री की ओर से 85,000 रुपये में 58 इंच का स्मार्ट टीवी भेंट करने की प्रशंसा सभी अधिकारियों द्वारा की गई। कार्यक्रम में उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सभी 18 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को तथा सहयोग करने वाले समुदाय के लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र, दुष्यंत कुमार, नौबहार सिंह, इब्राहिमपुर साधो के ग्राम प्रधान इसरार अहमद शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन गुलशन गुप्ता तथा राम अवतार ने किया।
ये स्कूल बने स्मार्ट
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय अल्हैदादपुर मुबारक, प्राथमिक विद्यालय सुनपता, प्राथमिक विद्यालय ककराला, महुआ एक व महुआ दो, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर कामिल, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय अलीपुर दामोदर, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय साधो, प्राथमिक विद्यालय रूगड़ी सैद, निजातपुर, तकीपुरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय ढकोली आदि शामिल हैं।