नजीबाबाद में मुख्यमंत्री के दौरा स्थल का निरीक्षण करते एसपी व अन्य अधिकारी।
जनसमूह को करेंगे संबोधित, लाभार्थियों को वितरित करेंगे प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/नजीबाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत 23 दिसंबर को नजीबाबाद का दौरे पर आएंगे। जनसभा के साथ मुख्यमंत्री शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्रों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत 23 दिसंबर को बुंदकी मार्ग स्थित हॉराईजन स्कूल परिसर में जनसमूह को अपराह्न दो बजे संबोधित करेंगे। शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के साथ मुख्यमंत्री का विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का स्टॉल निरीक्षण का भी कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री दौरे का कार्यक्रम मिलते ही जिला प्रशासन ने सभा स्थल आदि की व्यवस्था जुटाई। डीएम अंकित अग्रवाल, एसपी नीरज कुमार जादौन, सीडीओ पूर्ण बोरा, एडीएम विनय कुमार ने भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह के साथ सभा स्थल का बुधवार को निरीक्षण किया।
डीएम ने एसडीएम संजय बंसल, नवागत सीओ अनिल कुमार, बीडीओ ज्योति चौधरी को कार्यक्रम आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि कार्यक्रम लगभग तय है। व्यवस्थाएं की जा रही हैं।