शमशाद अंसारी को सम्मानित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में स्वच्छ वार्ड सर्वे में बिजनौर नगर पालिका के प्रथम आने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी, ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी व सफाई निरीक्षक अमित गौतम को लखनऊ में सम्मानित किया।
15 नवंबर से 15 दिसंबर तक सूबे में चले स्वच्छता अभियान में बिजनौर नगर पालिका को सूबे में सबसे साफ पाया गया है। शासन के सर्व में बिजनौर नगर पालिका को स्वच्छता का सिरमौर बताया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शमशाद अंसारी, ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी व सफाई निरीक्षक अमित गौतम को सम्मानित किया। योगी आदित्यनाथ ने शमशाद अंसारी को नगर पालिका को ऐसे ही साफ रखने को कहा। शमशाद अंसारी ने बताया कि एक साल के कार्यकाल में सफाई के लिए उन्हें दूसरी बार मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया है। इससे पहले स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान में भी बिजनौर नगर पालिका का कार्य शानदार पाया गया था। ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि सफाई के लिए चलाए गए विशेष अभियान जारी रहेंगे। नागरिक भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। जिले को एक बार ही नहीं हमेशा सफाई में नंबर वन रखना है। उन्होंने नागरिकों से अपने शहर को साफ रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
सभासद को नगर विकास मंत्री ने किया सम्मानित
नगीना में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने स्वच्छ भारत मिशन नगरीय की स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा 2018 में प्रदेश में तीसरी रैंक प्राप्त करने वाले वार्ड नंबर सात लाल सराय के सभासद जोगेंद्र सिंह, वार्ड प्रोत्साहन समिति के सचिव रोहित कुमार, नगर स्वास्थ्य व सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा, अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह को लखनऊ में सम्मानित किया। स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा 2018 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद स्तर के वार्ड की स्टेट रैंकिंग में नगीना पालिका के वार्ड संख्या सात लालसराय को तीसरी रैंकिंग प्राप्त हुई थी।