प्रोटोकॉल तोड़कर खिलाड़ियों से मिलते थे चेतन चौहान
बिजनौर। पूर्व खेल मंत्री चेतन चौहान का जिलेे के खिलाड़ियों से गहरा नाता रहा है। गांवों में खिलाड़ियों में वे एकदम घुल मिल जाते थे। गांवों में जहां भी युवा उन्हें क्रिकेट मैच खेलते दिखते थे, गाड़ी रुकवा देते थे और युवाओं से साथ मैच खेलने लग जाते थे। वे युवाओं से प्रोटोकॉल तोड़कर मिलते थे। युवाओं को उनसे मिलने में मशक्कत नहीं करनी पड़ती थी।
चेतन चौहान ने अपने चार लोकसभा चुनाव अमरोहा लोकसभा सीट से लड़े थे। पहले स्योहारा विधानसभा क्षेत्र अमरोहा लोकसभा सीट में आता था। स्योहारा में उनका लगातार आना जाना रहता था। गांव सदाफल निवासी भाजपा कार्यकर्ता अनिल कुशवाहा बताते हैं कि चेतन चौहान खेल से बहुत प्यार करते थे। क्रिकेट ही नहीं हॉकी, बास्केटबॉल और फुटबॉल से भी उनका लगाव था। जब वे गांवों का दौरा करने जाते थे तो जहां भी गांवों में युवाओं को मैच खेलते देखते थे तो रुक जाते थे और बल्ला लेकर खड़े हो जाते थे। वे हर टूर्नामेंट में आकर कहते थे कि खूब खेलों और राष्ट्रीय टीम में जाकर देश का नाम रोशन करो। क्रिकेट खिलाड़ी इबाददुर्रहमान उर्फ उनके बड़े फैन हैं। इबादुर्रहमान उर्फ ग्यास बताते हैं कि वे जब भी बिजनौर आते थे तो नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में जरूर जाते थे। वहां युवाओं से मिलते थे। वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी मानव सचदेवा कहते हैं कि उनसे मिलने के लिए खिलाड़ियों को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती थी।