कोरोना से सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था बदली
बिजनौर। सीबीएसई स्कूलों में कोरोना के कारण पढ़ाई की व्यवस्था बदल गई है। स्कूल एक जुलाई से खुलेंगे। बच्चे स्कूल नहीं आएंगे। शिक्षक पार्ट में स्कूल बुलाए जाएंगे। पढ़ाई का कोर्स कम होगा। प्रैक्टीकल डिजिटल लैब में होंगे। स्कूल बोर्ड के निर्देशों के अनुसार व्यवस्था बनाने में जुट गए हैं।
कोरोना संकट में स्कूल मार्च से बंद हैं। अब एक जुलाई को जब ग्रीष्मावकाश के बाद सीबीएसई बोर्ड के स्कूल खुलेंगे तो पहले जैसी भीड़भाड़ नहीं होगी। सीबीएसई बोर्ड ने पढ़ाई की व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। स्कूलों में दाखिले होंगे लेकिन बच्चे स्कूल नहीं आएंगे। पढ़ाई डिजिटल होगी। बच्चे घरों में ही ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे।
सीबीएसई की जिला कोरडिनेटर सीमा विश्वास ने बताया कि कक्षा नौ से बारह के कोर्स में 30 प्रतिशत की कटौती की गई है। चैप्टर उतने ही रहेंगे। हर चैप्टर का कुछ भाग हटाया गया है। 15 जुलाई तक नैट कोर्स आ जाएगा। कक्षा छह से आठ तक के कोर्स में भी 30 प्रतिशत कटौती होनी है, परंतु किस चैप्टर में कितना भाग कम करना है। यह कॉलेज पर छोड़ दिया है। बताया कि शिक्षकों को बुलाने के बारे में कोई विशेष निर्देश नहीं हैं। कोरोना में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होना है। इसलिए जिन विद्यालयों में स्टाफ अधिक है, वहां शिक्षकों को पार्ट में बुलाया जाएगा। बताया कि बच्चों के प्रैक्टीकल भी होने हैं। अब तक प्रैक्टीकल कॉलेज की प्रयोगशाला में होता था। परंतु अब बोर्ड ने स्कूलों से 15 जुलाई तक प्रैक्टीकल के लिए डिजिटल लैब तैयार करने को कहा है। बच्चे घरों से ही प्रैक्टीकल करेंगे।
- रिजल्ट के लिए गाइड लाइन जारी
दसवीं तथा बारहवीं के रिजल्ट को लेकर गाइड लाइंस आ गई हैं। जिन छात्रों के तीन से अधिक विषय के पेपर हो गए हैं, उन छात्रों के बेस्ट तीन का एवरेज निकालकर बाकी पेपर का मार्किंग होगा। जिन के केवल तीन ही पेपर हुए हैं, उनका बेस्ट दो का एवरेज लिया जाएगा। जिनका एक ही पेपर हुआ है, उनका आंतरिक परीक्षा, प्रैक्टीकल तथा प्रोजेक्ट का नंबर जोड़ा जाएगा।
दसवीं तथा बारहवीं के छात्रों मिलेगा ऑप्शनल एक्जाम का मौका
बिजनौर। सीमा विश्वास ने बताया कि हाईस्कूल तथा इंटर के छात्र बोर्ड के तय नियमों से प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, तो बोर्ड ने उन छात्रों को परीक्षा का मौका दिया है। इस परीक्षा को ऑप्शनल परीक्षा कहा जाएगा। छात्र ऑप्शनल परीक्षा में शामिल होता है, तो उसके सभी ऑप्शन समाप्त हो जाएंगे। ऑप्शनल परीक्षा के अंक फाइनल होंगे। परीक्षा कब होगी इस बारे में अभी बोर्ड के कोई निर्देश नहीं हैं।