बिजनौर में भाजपा के राज में शिवपाल यादव के करीबी रहे इंस्पेक्टर चंदकिरन यादव की नहटौर थाने में ताजपोशी की गई है। सपा सरकार के दौरान मुजफ्फरनगर जिले में सपा से नजदीकी को लेकर वे खूब चर्चा में रहे हैं। इनके अलावा कई थाना प्रभारी निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
सोमवार को एसपी अजय साहनी ने किरतपुर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह को चांदपुर कोतवाली भेजा है। चांदपुर से प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार प्रधान को नगीना भेज दिया गया। नहटौर थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर राणा को धामपुर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। नगीना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह को किरतपुर थाने का प्रभारी बनाया गया हैं। काइम ब्रांच की इन्वेस्टिगेशन विंग में तैनात चंदकिरन यादव को नहटौर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, सपा सरकार के दौरान चंदकिरन यादव मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी, सिविल लाइन, मीरापुर जैसे थानों में तैनात रहे थे। वे पिछली सरकार में मंत्री रहे शिवपाल यादव के करीबी माने जाते थे। यही वजह थी कि अफसर भी मनचाही जगह पर उनकी पोस्टिंग करते थे। चुनाव से पहले उनका तबादला गोरखपुर जोन हो गया था। सूबे की सत्ता बदलते ही चंदकिरन यादव ने अपना ट्रांसफर बिजनौर करा लिया। मंडावली थानाध्यक्ष सतेंद्रपाल सिंह को हटाकर चांदपुर क्षेत्र की जलीलपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है।