गन्ना सर्वेक्षण में मिलेगा सुधार का मौका
हल्दौर। गन्ना विकास परिषद व बिलाई चीनी मिल द्वारा संयुक्त रूप से गन्ना सर्वे कार्य का ग्रामबार प्रदर्शन 20 जुलाई से शुरू किया जाएगा। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने किसानों से गन्ना सर्वे प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहकर स्वयं जांच कर यथासंभव संशोधन करा लेने की अपील की है।
गन्ना विकास परिषद बिलाई के गन्ना ज्येष्ठ निरीक्षक अमित पांडे ने बताया कि चीनी मिल व गन्ना विकास परिषद द्वारा संयुक्त रूप से गन्ना सर्वे कार्य का ग्रामबार प्रदर्शन 20 जुलाई से शुरू होकर 30 अगस्त तक चलेगा। गन्ना विकास परिषद बिलाई क्षेत्र में करीब 30 टीम सर्वे प्रदर्शन का कार्य करेंगी। उन्होंने क्षेत्रीय किसानों से उक्त कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी कृषक अपने ग्रामबार कार्यक्रम के अनुसार मौजूद रहकर सर्वे आंकड़ों को स्वयं जांच लें, यदि कोई संशोधन हो तो यथा समय अपने क्षेत्र के सर्वेयर से अवश्य करा लें। निश्चित समय अवधि के बाद कोई संशोधन करना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपना घोषणापत्र अभी ऑनलाइन नहीं किया है तुरंत ऑनलाइन करा लें, बिना ऑनलाइन गन्ना सट्टा का संचालन संभव नहीं हो पाएगा।