-शहर में नगरपालिका एक करोड़ की लागत से कराएगी सड़क निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। काफी दिनों से बदहाल रोडवेज बस स्टैंड के सामने की सड़क का निर्माण होगा। रोडवेज बस स्टैंड से नगरपालिका तक एक करोड़ की लागत से नगरपालिका निर्माण कराएगी। जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।
रोडवेज बस स्टैंड के पश्चिमी गेट से आंबेडकर हॉस्टल के सामने से होते हुए कुंदन हॉस्पिटल तक और वहां से नगरपालिका तक सीसी सड़क निर्माण होना है। यह सड़क लगभग 600 मीटर लंबी और सात मीटर चौड़ी होगी। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, सड़क निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
लंबे समय से इस मार्ग की स्थिति खराब थी। जिससे रोडवेज बस स्टैंड से निकलने वाले वाहनों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या भी बनी रहती थी। सड़क बनने से न केवल रोडवेज बस स्टैंड आने-जाने वालों को सुविधा मिलेगी।
नगर पालिका ईओ विकास कुमार ने बताया कि सीसी सड़क बनने के बाद इस मार्ग की खूबसूरती और मजबूती दोनों बढ़ेंगी। जिससे नागरिकों को आने-जाने में दिक्कत नहीं होगी। कोरताल की सड़क बार-बार टूट जाती है। सीसी सड़क बनने से काफी दिनों तक सड़क बदहाल होने से निजात मिलेगी।