बिजनौर में नगीना रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में विधानसभा चुनाव में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय नगीना रोड स्थित बाईपास चौराहे से लेकर शास्त्री चौक तक जाम ही जाम रहा। चुनाव पर्यवेक्षक व डीएम समेत कई अन्य आला अधिकारियों के वाहन जाम में फंस गए। कोतवाली शहर के सामने चुनावी वाहनों के साथ पुलिसवालों द्वारा अपने निजी वाहन खड़े किए जाने से पैदल निकलना भी दुभर रहा। वाहन हटाने को लेकर राहगीरों की पुलिस कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई।
मंगलवार को पोलिंग पार्टियों के वाहन सुबह 11:30 बजे से मतदान केंद्रों के लिए निकलने शुरू हुए। आखिरी वाहन डेढ़ बजे निकाला गया। वर्धमान कॉलेज में बिजनौर, नगीना, नजीबाबाद के वाहनों को रेलवे स्टेशन की ओर से व कोतवाली शहर के सामने से निकाला गया। नगीना की ओर जाने वाले वाहनों को आईआईटी से पहले पुलिस ने रोक दिया, क्योकि आईटीआई से भी धामपुर, चांदपुर, नूरपुर नहटौर व बढ़ापुर के वाहनों को निकाला जा रहा था। इसके कारण रेलवे फाटक से आईटीआई तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इस बीच डीएम व चुनाव पर्यवेक्षक आईटीआई की ओर आ रहे थे। उनके वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस ने अधिकारियों के वाहनों को जाम से निकालने की घंटों कोशिश की। वाहन जाम से न निकल पाने के कारण दोनों अधिकारियों को पैदल ही आईटीआई तक जाना पड़ा।