धामपुर में पीएनबी मंडी शाखा के बाहर से सोमवार शाम में बैक की कैश वैन से हुई 91 लाख की लूट के मामले में पुलिस, एसटीएफ, एसओजी, सर्विलांस टीम घटना का पर्दाफाश करने में तीसरे दिन भी नाकाम रहीं। घटना का खुलासा करने को सभी टीमों ने अपने स्तर से बैंक अधिकारियों से वार्ता की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये बदमाशों को
तलाशने का प्रयास किया, पर कोई सफलता नहीं मिली।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी अनित कुमार का कहना है कि टीम बदमाशों का पता करने को अपने स्तर से काम कर रही है। एसओजी मुरादाबाद, अमरोहा व बिजनौर की टीमें घटना का पर्दाफाश करने में पूरे दिन जुटी रहीं। सर्विलांस टीम ने अपने स्तर से मामले की जांच की। बुधवार को पूरे दिन जांच के नाम पर टीमों की आवाजाही रही। जो भी टीम बैंक में गई उसी ने पहले सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और फिर बाद बैंक अधिकारियों से वार्ता की। कुल मिलाकर घटना के तीसरे दिन भी सभी टीमें कैश लूट कांड का खुलासा करने में फिलहाल पूरी तरह से नाकाम हैं।
बदमाशों के जल्द होंगे स्केच जारी
एएसपी देहात ने बताया कि जिस समय बदमाश कैश वैन से लूट की घटना को अंजाम दे रहे थे, तो उस वक्त बैंक के एटीएम से एक व्यक्ति और एक युवक एटीएम से ट्रांजक्सन कर रहे थे। गोलियों की आवाज सुन दहशत में आया वह व्यक्ति सहम गया। उसके साथ एटीएम कक्ष के बाहर दूसरा युवक बार-बार एटीएम कक्ष के भीतर से शीशे में बदमाशों की गतिविधियों को देख रहा था।
पुलिस इस युवक की स्केच जारी करने के लिए मदद लेने जा रही है।
पुलिस का मानना है कि यह युवक बता सकता है कि बदमाश किस कद काठी के थे, उन्होंने किस कलर के कपड़े पहन रखे थे। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद किसी दिशा में गए। गार्ड घटना के दौरान क्या कर रहा था। जो कैश वैन का अधिकारी वह उस समय कहां पर मौजूद था। उसने घटना के मद्देनजर कैश को लूटने से बचाने के लिए क्या प्रयास किए। उन्होंने कोतवाल और सीओ को बदमाशों के स्केच तैयार कराने के बाद मीडिया में फ्लैश कराने के निर्देश दिए।