- हरिद्वार से गंगाजल और कांवड़ लाने का सिलसिला जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है। मंगलवार को मोटा महादेव मंदिर पर शिवभक्तों के कई जत्थे पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
हरिद्वार से गंगाजल और कांवड़ लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए मोटा महादेव मंदिर पर पहुंच रहे हैं। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने मोटा महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। नजीबाबाद-बूंदकी मार्ग, कोतवाली मार्ग पर कांवड़ियों के कई जत्थे बम भोले के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
परिवार की सुख समृद्धि के लिए ले जा रहे कांवड़
हापुड़ के बहादुरगढ़ निवासी नितिन कुमार, नरेंद्र सिंह, प्रशांत कुमार, प्रिंस, हर्ष आदि शिवभक्त 85 लीटर गंगाजल की कांवड़ के साथ गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने बताया कि मोटा महादेव मंदिर पर जलाभिषेक के बाद वे हापुड़ के लिए रवाना होंगे। वे परिवार की सुख समृद्धि के लिए गंगा जल और कांवड़ ले जा रहे हैं।