किसानों से किया घोषणा पत्र ऑनलाइन कराने का आह्वान
अफजलगढ़। सहकारी गन्ना विकास समिति सचिव तथा द्वारिकेश शुगर मिल के महाप्रबंधक गन्ना ने जानकारी दी कि अभी भी कुछ किसानों के घोषणा पत्र नहीं भरे गए। उनके लिए गन्ना आयुक्त की ओर से एक बार और तारीख बढ़ाकर घोषणा पत्र भरने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने समस्त गन्ना सट्टा धारक किसानों से अंतिम तिथि तक अपना घोषणापत्र ऑनलाइन कराने का आह्वान किया।
सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव साहब सिंह सत्यार्थी ने बताया कि गन्ना विभाग के स्मार्ट गन्ना किसान प्रोजेक्ट के अधीन सभी किसानों को ऑनलाइन घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल 26005 गन्ना सट्टा धारक हैं, जिनमें से अभी तक कुल 17750 किसानों ने अपना घोषणापत्र भरा है। काफी प्रयासों के बाद भी 8255 किसान घोषणापत्र भरने से रह गए हैं। वहीं गन्ना परिषद के एससीडीआई विश्वामित्र पाठक ने बताया कि गन्ना आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से किसानों को ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने का अंतिम अवसर प्रदान करते हुए घोषणा पत्र भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2021 कर दी गई है।
उन्होंने शेष रहे सट्टा धारक किसानों से अंतिम तिथि 30 नवंबर तक घोषणापत्र ऑनलाइन कराने का आह्वान किया। जिनका घोषणा पत्र नहीं भरा जाएगा। उन्हें उपज बढ़ोतरी, सामान्य बढ़ोतरी, अतिरिक्त सट्टे के लाभ आदि से वंचित होना पड़ सकता है। साथ ही घोषणा पत्र न भरने से वर्तमान पेराई सत्र में सट्टा संचालन बंद हो सकता है।
द्वारिकेश शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक अजय कुमार ढाका व समिति सचिव साहब सिंह सत्यार्थी ने जानकारी दी कि शेष रहे किसानों के घोषणापत्र ऑनलाइन कराने के लिए दो काउंटर समिति परिसर व एक काउंटर मिल परिसर में संचालित है। उन्होंने सभी किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वह अपना घोषणा पत्र 30 नवंबर 2021 तक संबंधित वेबसाइट पर जाकर अवश्य रूप से भरवा लें।