बिजनौर में चैत्र नवरात्रों की अष्टमी पर श्रद्धालुओं ने माता रानी के स्वरूप कन्याओं को जिमाकर उनको भोजन कराया। कन्याओं को भोजन कराने के बाद ही श्रद्धालुओं ने भोजन ग्रहण कर अपने व्रत खोले। मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
बृहस्पतिवार को गली मोहल्लों में सुबह से ही श्रद्धालु कन्याओं को घर-घर से बुलाकर लाए। कन्याओं को भोजन ग्रहण कराने के बाद ही श्रद्धालुओं ने अपने व्रत पूरे करते हुए अन्न ग्रहण किया। अनेक जगह पर मंदिरों पर भी कन्याओं को सामूहिक भोजन ग्रहण कराया गया। श्रद्धालु अपने घरों से खाना बनाकर मंदिर ले गए। वहां पर कन्याओं को सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कराया और उनका आशीर्वाद लिया। वहीं मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। झालू रोड स्थित मां कालिका शक्ति पीठ मंदिर पर मेला आयोजित किया गया। मेले में शहर भर के अलावा आसपास के गांवों के गांव वालों ने भी प्रसाद चढ़ाया। व्यवस्था बनाने के लिए मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं को लाइन में लगवाकर प्रसाद चढ़वाया।