मिलावटखोरी रोकने में मदद करेंगे कारोबारी मित्र
बिजनौर। खाद्य और पेय पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग खाद्य कारोबारी मित्रों की मदद लेगा। मिलावट रोकने के लिए कारोबारी मित्रों की भर्ती कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। कारोबारी मित्र पुलिस मित्रों की तरह से ही कार्य करेंगे। इनका काम गांव देहात से लेकर बड़े शहरों तक में मिलावट करने वाले संबंधित खाद्य कारोबारी की सूचना खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को देना होगा।
आमतौर पर होता ये है कि खाद्य पदार्थों को बेचने वाले तमाम दुकानदार भले ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता ठीक रखते हों। लेकिन फिर भी कभी कभी ऐसा होता है कि खाद्य कारोबारी साफ सफाई और खाद्य तथा पेय पदार्थ निर्धारित पैमाने पर गर्म और ठंडा नहीं रख पाते। इससे जांच आदि के दौरान कारोबारियों की दिक्कत बढ़ जाती हैं और नमूने अधोमानक निकलने लगते हैं। इन्हीं कमियों के चलते कारोबारी कार्रवाई की जद में आ जाते हैं। ऐसे में शासन ने अब यह पहल शुरू की है कि पुलिस मित्रों की तर्ज पर ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में कारोबारी मित्र रखे जाएंगे। इनका काम होगा कि ये खाद्य कारोबारियों को जागरूक करने के साथ ही समय समय पर आने वाले नियम कानून की जानकारी भी देंगे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के जिला अभिहीत अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश में ही विभाग की ओर से खाद्य कारोबारी मित्र रखे जाएंगे। इसके बाद विभाग की ओर से इन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 7500 खाद्य कारोबारी पंजीकृत हैं। 25 कारोबारियों पर एक कारोबारी मित्र रखा जाएगा।