बिजनौर। आगामी त्योहारों को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। ईद से पहले बिजनौर-दिल्ली रूट पर बसों के फेरों की संख्या बढ़ा दी गई है। जिससे यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। बिजनौर डिपो से रोजाना करीब 20 रोडवेज बसें दिल्ली रूट पर चलती है। जिसके बाद अब ईद को देखते हुए बसों के फेेरे में डेढ़ गुना की वृद्धि की गई है।
बिजनौर डिपो से अलग-अलग रूटों पर 114 बसों का संचालन किया जाता है। जिनमें 29 अनुबंधित और 84 बसें निगम की शामिल हैं। ईद के मौके पर दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ईद को देखते हुए परिवहन विभाग ने दिल्ली रूट पर बसों के डेढ़ गुना फेरे बढ़ा दिए हैं। जिसके चलते अब दिल्ली रूट पर रोडवेज बसें करीब 30 फेरें करेंगी। इसके साथ ही जिले में भी आवश्यकता अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। अभी से बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। बिजनौर डिपो से बृहस्पतिवार को 19893 लोगों से सफर किया। शुक्रवार को बिजनौर डिपो से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 21540 हो गई।
ईद को लेकर तैयारी पूरी: एआरएम
एआरएम अजीत पंवार ने बताया कि ईद को लेकर परिवहन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही आवश्यकता अनुसार रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।