संवाद न्यूज एजेंसी
पैजनिया (बिजनौर)। नहटौर -पैजनिया मार्ग स्थित गैस एजेंसी के सामने स्टेयरिंग फेल हो जाने से एक प्राइवेट बस सड़क से उतरकर खेत में धंस गई। इसमें बस का चालक सहित आधा दर्जन सवारियां मामूली रूप से घायल हो गई। उधर, ग्राम बिसाठ के नजदीक स्टेयरिंग फेल होने से एक अर्टिगा कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई।
गैस एजेंसी कर्मियों और राहगीरों ने सवारियों को बस से निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया। सवारियों ने बताया की ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। स्टेयरिंग फेल होते ही ड्राइवर ने खुद बस को खेत की तरफ मोड़ दिया था। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सवारियों को गंतव्य की और भिजवाया।
दूसरी घटना में बिजनौर-नूरपुर मार्ग पर स्थित ग्राम बिसाठ के नजदीक स्टेयरिंग फेल होने से एक अर्टिगा कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। कार का एयर बैग खुलने से बिजनौर निवासी चालक धीर सिंह की जान बच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।