नूरपुर में बस पलटने से घायल हुए यात्री।
- फोटो : BIJNOR
यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलटी
नूरपुर (बिजनौर)। पंजाब के लुधियाना से गोंडा जा रही बस शुक्रवार की रात डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार कई यात्री चोटिल हो गए। गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।
लुधियाना की एक फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर बस से अपने घर जनपद गोंडा जा रहे थे। बस में 42 लोग सवार थे। देर रात करीब एक बजे ब्लॉक के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। घटनास्थल के आसपास रहने वालों ने बस के शीशे तोड़कर किसी तरह उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रवींद्र वर्मा और सीओ चांदपुर शुभ सुचित भी मौके पर पहुंच गए और चोटिल हुए यात्रियों को पीएचसी पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बलरामपुर जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खेरजोत निवासी सुभाष शुक्ला और जनपद बहराइच के थाना रानीपुर के गांव रामपुर निवासी अमरजीत की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक को नींद की झपकी आने पर हादसा हो गया। पुलिस ने दूसरी बस मंगाकर सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए भेज दिया।
नूरपुर में पलटी बस को देखती पुलिस।- फोटो : BIJNOR