रामगंगा में पलटी बैलगाड़ी, नीचे दबा किसान का परिवार
अफजलगढ़ (बिजनौर)। खेत से चारा लेकर लौटते समय किसान की बैलगाड़ी रामगंगा नदी में डूब कर पलट गई। किसान व उसकी पत्नी बैलगाड़ी के नीचे दब गए। आसपास के किसानों ने काफी मशक्कत के बाद किसान के परिवार को बाहर निकाला। इसमे किसान व उसकी पत्नी घायल हो गए जिन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहीं, बैलगाड़ी के पीछे बंधी एक भैंस की डूबने से मौत हो गई।
मंगलवार की शाम आलमपुर गांवड़ी निवासी किसान संतोष कुमार अपने परिवार के साथ आलमपुर के रामगंगा नदी के घाट के पार से बैलगाड़ी से पशुओं का चारा लेने गया था। देर शाम घर लौटते समय नदी का जलस्तर बढ़ गया। किसान इसका अनुमान नहीं लगा पाया। बैलगाड़ी पानी में डूबकर पलट गई। बैलगाड़ी पर बैठा किसान संतोष कुमार उसकी पत्नी रूपा देवी व दो पुत्र धीरज व लवेश पानी के बहाव में डूब गए। जिसमें किसान व उसकी पत्नी नीचे आकर घायल गए। दोनों बेटों के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और किसान के परिवार को बाहर निकाला।
किसान व उसकी घायल पत्नी को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। बैलगाड़ी के पीछे बंधे पशुओं को रस्सा काटकर बचा लिया गया, लेकिन पीछे की ओर बंधी भैंस की नाथ बैलगाड़ी में फंस गई। इससे भैंस की पानी में डूबने से मौत हो गई। किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण ऐसा हुआ है विभागीय अधिकारी बिना सूचना के पानी छोड़ देते हैं, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। किसान ने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।