थाने पहुंचकर सराफा कारोबारियों ने जताया रोष
नजीबाबाद। चौक बाजार के एक सराफा प्रतिष्ठान पर हुई लूट के मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर सराफा व्यापारियों ने थाने में रोष व्यक्त किया। उन्होंने मामले में जल्द कार्रवाई करने के लिए थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
शनिवार को सराफा कारोबारी बिंदु सराफ के प्रतिष्ठान से दिनदहाड़े एक लुटेरे ने करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण लूटने की घटना को अंजाम दिया था। लूट के दौरान बिंदु सराफ अपने नौकर अंकित तोमर के साथ प्रतिष्ठान पर बैठी थीं। लुटेरे ने ग्राहक बनकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। बिंदु सराफ ने कहा कि पुलिस को इस संबंध में तहरीर देने के बाद भी मामले में कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
रविवार को इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कपिल सराफ के नेतृत्व में सराफा व्यापारी थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े सराफा प्रतिष्ठान पर लूट की घटना से व्यापारियों में भय का माहौल है। जल्द ही लूट के मामले का खुलासा नहीं हुआ तो सराफा व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में अंशुल मेहरा, संजय वर्मा, रचित अग्रवाल, हर्षित सराफ, मानस अग्रवाल, नरेंद्र शर्मा, दिनेश वर्मा, वैभव सराफ, सुबोध महिंद्रा, हिमांशु, सुमन वर्मा, मंजू, इंदु राजपूत, मुकीम अहमद, नवनीत, अमित वर्मा, उमेश, नरेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।